लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ग्रामीण अंचल से मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। रहीमाबाद थाना क्षेत्र में एक तरफ जहां वृद्ध पिता के निधन के बाद घर-परिवार में चीख-पुकार मची थी, वहीं दूसरी तरफ जमीन जायदाद के लालच में अंधा हुआ सगा बेटा अपने दिवंगत पिता के मृत शरीर से सादे कागजों और स्टाम्प पर अंगूठे के निशान लगवाता रहा। इस पूरे अमानवीय कृत्य में आरोपी का चचेरा भाई भी बराबर का भागीदार बना रहा। वहां उपस्थित ग्रामीणों ने जब इस शर्मनाक हरकत को देखा तो गुपचुप तरीके से मोबाइल में इसका वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
बेटे-बहू की प्रताड़ना से तंग आकर बेटियों की शरण में गए थे बुजुर्ग
यह सनसनीखेज घटनाक्रम रहीमाबाद क्षेत्र के खड़ौहा गांव से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 75 वर्षीय छत्रपाल अपने पुत्र महेंद्र और बहू के दुर्व्यवहार तथा लगातार प्रताड़ना से आजिज आ चुके थे। पारिवारिक कलह के चलते साल 2023 में बुजुर्ग को अपना ही घर छोड़ना पड़ गया था। बेघर होने के बाद छत्रपाल अपनी बेटियों के पास रहने लगे, जहां बेटियों ने उनकी भली-भांति देखभाल और सेवा की। पुत्र के व्यवहार से दुखी होकर छत्रपाल ने पूर्व में अखबार में सार्वजनिक सूचना प्रकाशित करवाकर महेंद्र को अपनी चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया था। साथ ही अपनी कुल साढ़े छह बीघा कृषि भूमि में से एक-एक बीघा जमीन तीनों बेटियों के नाम विधिवत हस्तांतरित कर दी थी।
इलाज के बहाने घर लाया, मौत के बाद रची संपत्ति हड़पने की साजिश
संपत्ति से बेदखल किए जाने के बाद से ही आरोपी बेटा प्रतिशोध लेने और बाकी बची जमीन पर कब्जा करने की ताक में था। बीती 7 जुलाई को जब बुजुर्ग छत्रपाल का स्वास्थ्य बिगड़ा, तो महेंद्र बेहतर उपचार का झांसा देकर पिता को अपने साथ गांव ले आया। इसके उपरांत 9 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों व समुचित देखभाल के अभाव में वृद्ध ने दम तोड़ दिया। पिता के देहांत की सूचना पाकर जब रोती-बिलखती बेटियां और दामाद अंतिम संस्कार में शामिल होने गांव पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।
अंतिम संस्कार से पहले सादे स्टाम्प पर लगवा रहा था मृत पिता के अंगूठे
शोक संतप्त परिजनों ने देखा कि आरोपी महेंद्र अपने चचेरे भाई की मदद से पिता की निष्प्राण देह के ठंडे पड़ चुके अंगूठे पर स्याही लगाकर सादे कागजों और कोरे स्टाम्प पेपरों पर जबरन छाप ले रहा था। जब बेटियों और दामाद ने इस घिनौने कृत्य पर कड़ा एतराज जताया और विरोध किया, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और उनके साथ मारपीट पर आमादा हो गया।
ग्रामीणों में गहरा रोष, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस कार्रवाई में जुटी
पुत्र द्वारा की गई इस शर्मनाक हरकत से पूरे गांव के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। ग्रामीणों द्वारा चुपके से बनाया गया इस घटना का वीडियो अब पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया है। रहीमाबाद थाना पुलिस के अनुसार, मृतका की बेटियों और परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी बेटे और उसके सहयोगी के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





















































