कन्नौज। कानून व्यवस्था को चुनौती देने और खाकी पर हाथ उठाने वाले अराजक तत्वों को तिर्वा कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सख्त सबक सिखाया है। तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर दो पक्षों के बीच हो रहे झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे एक पुलिस आरक्षी पर हमला कर उसे 100 मीटर तक दौड़ाकर पीटने वाले 12 नामजद आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को उसी इलाके में पैदल घुमाकर कानून का खौफ महसूस कराया, जिससे अराजक तत्वों में हड़कंप मच गया।
बीच-बचाव करने पहुंचे सिपाही पर टूट पड़े थे मनबढ़
घटनाक्रम के अनुसार, मंगलवार की शाम तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर स्थित बाबा साइकिल स्टोर पर विवाद की शुरुआत हुई थी। दुकान संचालक और दुर्गानगर निवासी पप्पू नामक ग्राहक के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हो रही थी। इसी दौरान सादे कपड़ों में वहां से निकल रहे सिपाही हर्ष ने स्थिति बिगड़ती देख हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। सिपाही द्वारा अपना परिचय दिए जाने के बावजूद ग्राहक पक्ष के लोगों ने आक्रोश में आकर फोन कर अपने दर्जनों साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद मनबढ़ युवकों ने दुकान के भीतर ही सिपाही के साथ अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी।
जान बचाकर भागे जवान को 100 मीटर तक दौड़ाकर पीटा
खुद पर अचानक हुए हमले से बचने के लिए आरक्षी हर्ष जब दुकान से निकलकर बाहर सड़क की ओर भागे, तो उपद्रवियों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। हमलावरों ने उन्हें लगभग 100 मीटर तक दौड़ाया और सड़क पर घेरकर बेरहमी से पिटाई की। इस हमले में सिपाही के चेहरे, नाक और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो चुके थे। घायल सिपाही को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
सीसीटीवी फुटेज से पहचान, आम के बाग से 12 आरोपी दबोचे गए
इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए कस्बा इंचार्ज ज्ञानेंद्र सिंह की तहरीर पर 13 नामजद और 5-7 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध विभिन्न गंभीर धाराओं समेत 7 सीएलए (क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट) एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे स्थित एक आम के बाग की घेराबंदी कर 12 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक 16 वर्षीय बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पकड़े गए प्रमुख अभियुक्तों में आशीष, अमित, अरविंद, अजय, राहुल, सूरज, सोनू, अभिषेक और पप्पू शामिल हैं।
पैदल जुलूस निकालकर भेजा गया न्यायालय
गिरफ्तारी के उपरांत तिर्वा पुलिस ने आरोपियों का ठठिया रोड चौराहे से लेकर कस्बे के मुख्य बाजारों और मुन्ना होटल तक पैदल जुलूस निकाला। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करना और कानून हाथ में लेने वालों को कड़ा संदेश देना था। सभी आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उन्हें सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजने की विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।





















































