बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की अगली फिल्म मातृभूमि की राह ताक रहे फैंस का इंतजार और लंबा हो सकता है. अगर सब ठीक रहता तो इस साल सलमान फैंस को ईद पर अपने हीरो की नई फिल्म देखने को मिल जाती, लेकिन लगातार टलती जा रही इस फिल्म की राह अभी भी आसान नहीं नजर आ रही.
मातृभूमि पहले इस साल अप्रैल के लिए शेड्यूल की गई थी, लेकिन भारत-चीन सीमा विवाद पर बेस्ड इस फिल्म पर कुछ आपत्तियों के बाद पहले कंटेंट में कुछ बदलावों के लिए फिल्म को टाला गया. फिर खबर आई कि मातृभूमि इस साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आ सकती है, लेकिन अब सामने आ रहा है कि सलमान की फिल्म अगले साल तक भी जा सकती है.
'मातृभूमि' के सामने रिलीज डेट का क्राइसिस
बॉलीवुड हंगामा से जुड़े एक ट्रेड सूत्र ने बताया है कि मातृभूमि के मेकर्स इस साल ही फिल्म रिलीज करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. हालांकि अब ये भी एक संभावना है कि फिल्म 2027 तक टल सकती है.
सूत्र ने बताया, 'मामला अभी तक पूरी तरह सुलझा नहीं है. अगर जल्द सुलझ भी जाता है, तो भी अच्छी रिलीज डेट मिलना आसान नहीं होगा, क्योंकि ज्यादातर बड़े स्लॉट पहले ही बुक हो चुके हैं. इंडस्ट्री में अक्सर स्टार्स और फिल्ममेकर्स किसी दूसरी फिल्म की अनाउंस हो चुकी रिलीज डेट पर अपनी फिल्म भी ले आते हैं, लेकिन सलमान खान इस मामले में अलग हैं. वो बहुत निष्पक्ष हैं और बिना वजह किसी दूसरी फिल्म से क्लैश नहीं चाहते. अगर कभी क्लैश का फैसला भी लेते हैं, तो पहले सामने वाले को इसकी जानकारी देते हैं.'
एक इंडस्ट्री इनसाइडर के मुताबिक, दशहरे का वीकेंड मातृभूमि के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है. उन्होंने कहा, 'इस साल दशहरा 20 अक्टूबर, मंगलवार को है. आमतौर पर दशहरे से एक दिन पहले भी छुट्टी जैसा माहौल रहता है और बॉक्स ऑफिस पर कलेक्शन बढ़ जाते हैं. ऐसे में मातृभूमि को लगभग पांच दिन का लंबा वीकेंड मिल सकता है. वहीं 'रामायण' के प्रीपोन होकर, 30 अक्टूबर को रिलीज होने की उम्मीद है. उसके बाद नवंबर के आखिरी हफ्ते तक कोई बड़ी फिल्म नहीं है, जिसका फायदा भी मातृभूमि को मिल सकता है.'
फिलहाल 16 अक्टूबर को राजकुमार राव की 'रफ्तार' रिलीज के लिए शेड्यूल है. वहीं इमरान हाशमी और जेनेलिया देशमुख की 'गनमास्टर जी9' के भी इसी दिन आने की चर्चा है, हालांकि इसके मेकर्स ने अभी ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की है.
सूत्र ने आगे बताया कि अगर जल्द कोई सॉल्यूशन नहीं निकला तो मातृभूमि के मेकर्स अपनी फिल्म अगले साल ला सकते हैं. ऐसे में 2027 में सलमान की दो फिल्में रिलीज हो सकती हैं. इन दिनों सलमान, साउथ के डायरेक्टर वम्शी पेदीपल्ली की फिल्म की shooting कर रहे हैं, जिसमें उनके साथ नयनतारा भी हैं. ये फिल्म भी अगले साल तक थिएटर्स में पहुंचेगी.





















































