उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित पौराणिक शक्तिपीठ देवीपाटन में आयोजित साप्ताहिक श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ में शिरकत की। ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ जी महाराज की पावन पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित इस आध्यात्मिक समारोह में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि जीवन या राष्ट्र में सार्थक परिणाम केवल भाषणों और उपदेशों से नहीं आते, बल्कि इसके लिए पुरुषार्थ, कठिन परिश्रम और पूर्ण ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन आवश्यक है। व्यास पीठ और शक्तिपीठ को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि 30 नवंबर को कथा की पूर्णाहुति और भंडारा होना है, लेकिन आगामी कार्यक्रमों की व्यस्तता के चलते वे तीन दिन पूर्व ही अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे हैं।
समाज के हर वर्ग की निष्ठा से बनेगा समर्थ भारत
समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी पूरी लगन से अध्ययन करेगा, शिक्षक बच्चों को योग्य बनाएगा, किसान खेतों में पसीना बहाएगा, व्यापारी ईमानदारी से व्यवसाय करेगा, गृहस्थ अपनी संतानों को सुसंस्कृत करेगा, संत समाज में जनजागरण करेंगे और गोपालक गोमाता की सेवा करेंगे, तभी देश वास्तविक अर्थों में सशक्त और समर्थ बनेगा। उन्होंने भारत और सनातन धर्म को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए कहा कि दोनों को अलग करके नहीं देखा जा सकता। भारत के मजबूत होने से सनातन धर्म सशक्त होगा और सनातन की मजबूती से भारत समर्थ बनेगा। इसी विचार के साथ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘नेशन फर्स्ट’ (राष्ट्र प्रथम) के मंत्र को हर भारतीय का संकल्प बनाने का आह्वान किया।
श्रीमद्भागवत कथा और सनातन की कृतज्ञता परंपरा
श्रीमद्भागवत महापुराण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच हजार वर्षों से यह पावन कथा ज्ञान, भक्ति और वैराग्य के जरिए दिशाहीन समाज को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे रही है। उन्होंने सनातन धर्म को कृतज्ञता व्यक्त करने की महान परंपरा का वाहक बताया और कहा कि आश्विन मास के कृष्ण पक्ष के पूरे 15 दिन हम अपने पूर्वजों के प्रति श्राद्ध और तर्पण के लिए समर्पित करते हैं। इस संदर्भ में उन्होंने मुगल काल के एक ऐतिहासिक प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा कि जब क्रूर औरंगजेब ने अपने पिता शाहजहां को आगरा के किले में कैद कर 24 घंटे में केवल एक छोटा घड़ा पानी दिया और वे बूंद-बूंद को तरसने लगे, तब शाहजहां ने औरंगजेब को कोसते हुए कहा था कि तुमसे बेहतर तो हिंदू हैं, जो जीवित रहते बुजुर्गों की सेवा करते हैं और मरणोपरांत भी वर्ष में एक बार श्राद्ध-तर्पण कर उन्हें याद करते हैं।
रामायण के प्रसंग से दिया एकता और अखंडता का संदेश
मुख्यमंत्री ने रामायण का उदाहरण देते हुए बताया कि लंका जाते समय जब मैनाक पर्वत ने हनुमान जी से विश्राम करने का आग्रह किया, तब उन्होंने कहा था— ‘राम काज कीन्हें बिनु मोहि कहां विश्राम’ और ‘कृते च प्रतिकर्तव्यं एष धर्मः सनातनः’, जिसका अर्थ है कि किए गए उपकार के प्रति कृतज्ञता दिखाना ही सनातन धर्म है। सीएम योगी ने सचेत किया कि जब तक सनातन धर्मावलंबियों में कृतज्ञता की यह भावना जीवित रहेगी और समाज जाति, क्षेत्र व भाषा के भेदभाव से ऊपर उठकर एक राष्ट्र के रूप में सोचेगा, तभी तक भारत सुरक्षित और अखंड बना रहेगा।
महंत महेंद्र नाथ जी के सेवा कार्यों और नेपाल से जुड़े संबंधों का स्मरण
ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ जी महाराज के योगदान को याद करते हुए सीएम योगी ने कहा कि एक संत का कोई निजी परिवार नहीं होता, उसका पूरा जीवन समाज, राष्ट्र और धर्म के लिए समर्पित होता है। महंत महेंद्र नाथ जी ने गोरखपुर में पूज्य गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ जी महाराज के सानिध्य में जो सीखा, उसे देवीपाटन में धरातल पर उतारा। उन्होंने वर्ष 1994 में थारू जनजाति के बच्चों के लिए छात्रावास शुरू कराया, धर्मशालाओं का निर्माण करवाया, नंद महरा में स्कूल व अस्पताल, तुलसीपुर में सीबीएसई विद्यालय, मंदिर सौंदर्यीकरण, गोशाला विस्तार और निशुल्क अन्नपूर्णा भोजनालय जैसी अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को गति दी। अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिशक्ति मां भगवती का यह शक्तिपीठ गुरु गोरक्षनाथ से लेकर दांग (नेपाल) के राजकुमार सिद्ध योगी पीर रतन नाथ जी महाराज की महान परंपरा का केंद्र है, जहां हर वर्ष चैत्र नवरात्रि पर नेपाल से पीर रतन नाथ जी की शोभायात्रा आती है और मित्र राष्ट्र नेपाल सहित देश भर से लाखों श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं।
















































