“145 करोड़ भारतीयों की आशाओं का प्रतीक बने पीएम मोदी”
लखनऊ। भारतीय राजनीति के इतिहास में एक नया अध्याय लिखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है। सीएम योगी ने इसे केवल एक व्यक्तिगत रिकॉर्ड नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता के अटूट विश्वास और स्नेह की सामूहिक अभिव्यक्ति बताया है।
‘तप, त्याग और दूरदृष्टि का अभिनंदन’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक भावुक पोस्ट लिखकर पीएम मोदी को बधाई दी। उन्होंने लिखा, “145 करोड़ भारतवासियों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए सतत समर्पित, अमृतकाल के सारथी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबी अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने वाले जननेता बनने पर हार्दिक बधाई।”
सीएम योगी ने अपने संदेश में आगे कहा कि इतिहास में ऐसे अवसर बहुत कम देखने को मिलते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल सरकार चलाने तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे एक युग की चेतना और प्रेरणा का प्रतीक बन जाए। उनके अनुसार, “यह सम्मान उसी तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का अभिनंदन है, जिसने करोड़ों देशवासियों को ‘विकसित भारत’ के स्वप्न से जोड़ा है।”
मुख्यमंत्री ने प्रार्थना करते हुए कहा, “राष्ट्रसेवा को समर्पित आपकी यह अविराम साधना भारत की प्रगति, प्रतिष्ठा और पराक्रम की नई गाथाएं लिखती रहे, यही मंगलकामना है।”
केशव प्रसाद मौर्य: ‘बिना विरासत के बनाई पहचान’
प्रधानमंत्री मोदी की इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी हार्दिक बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि पीएम मोदी ने “प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4,399 दिनों तक देशवासियों की सेवा की है, जो लोकतंत्र की उस शक्ति का प्रमाण है जिसमें साधारण और गरीब परिवार से निकलकर आया एक व्यक्ति अपने अथक परिश्रम और मजबूत संकल्प के बल पर देश का सर्वोच्च जनादेश प्राप्त करता है।”
वंशवाद को चुनौती देने वाली यात्रा
उपमुख्यमंत्री मौर्य ने पीएम मोदी की राजनीतिक यात्रा को युवाओं और गरीबों के लिए प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि “बिना किसी राजनीतिक विरासत, वंशवाद या विशेषाधिकार के राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचने की आपकी यात्रा करोड़ों युवाओं, गरीबों, वंचितों, पिछड़ों और श्रमजीवी परिवारों के सपनों को नया विश्वास देती है।”
उन्होंने आगे लिखा, “आपके नेतृत्व ने भारतीय राजनीति में दशकों से चली आ रही ‘वंशवादी सोच’ और ‘सत्ता के एकाधिकार’ को चुनौती देने के साथ लोकतंत्र को नई ऊर्जा प्रदान की है। सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आपने करोड़ों गरीब परिवारों तक विकास का लाभ पहुंचाकर जनविश्वास को और सशक्त बनाया है।”
‘हाशिये पर रखे गए लोगों के प्रतीक बने मोदी’
केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संदेश में यह भी कहा कि आज पीएम मोदी का यशस्वी नेतृत्व उन करोड़ों भारतीयों की आशाओं और आकांक्षाओं का प्रतीक है, जिन्हें लंबे समय तक व्यवस्था के हाशिये पर रखा गया था। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने यह विश्वास मजबूत किया है कि लोकतंत्र में जनसेवा ही सबसे बड़ी पहचान होती है।
बाबा विश्वनाथ से यह प्रार्थना
अपने संदेश के समापन पर उपमुख्यमंत्री मौर्य ने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की कि वे पीएम मोदी को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर ऊर्जा प्रदान करें। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में देश ‘अमृतकाल’ की इस यात्रा को और सफल बनाते हुए ‘विकसित, आत्मनिर्भर, समृद्ध और गौरवशाली’ राष्ट्र के रूप में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता रहे।





















































