उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है जिसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। सेवराही थाना क्षेत्र के पिपराघाट गांव स्थित देवनारायण टोला में एक पिता ने तथाकथित ‘इज्जत’ की खातिर अपनी ही दो सगी जवान बेटियों को मौत के घाट उतार दिया। इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने में पिता ने अपने ही दो नाबालिग बेटों का सहारा लिया। लाठी-डंडों से पीट-पीटकर की गई इस बर्बर हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
कमरे में कैद कर दी खौफनाक सजा
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी पिता रामप्रसाद मल्लाह अपनी बेटियों लाली (20) और शीला (18) के प्रेम संबंधों को लेकर लंबे समय से नाराज था। सोमवार की शाम उसने अपनी दोनों बेटियों को घर के एक कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद उसने अपने 14 और 12 वर्षीय दो नाबालिग बेटों के साथ मिलकर दोनों बहनों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। बर्बर पिटाई के कारण दोनों युवतियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया, जबकि उसके दोनों नाबालिग बेटे घर पर ही मौजूद रहे।
प्रेम प्रसंग बना जान का दुश्मन
जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों बहनें गांव के ही दो युवकों के साथ प्रेम संबंध रखती थीं। पिछले साल वे अपने प्रेमियों के साथ घर छोड़कर चली गई थीं, हालांकि करीब छह महीने पहले वे वापस लौट आईं। उस वक्त गांव में पंचायत बुलाकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया था और तब से दोनों युवतियां अपने घर पर ही रह रही थीं। पुलिस का मानना है कि बेटियों के प्रेम प्रसंग और उनके पूर्व में घर से भागने की घटना से पिता बेहद कुंठित और आक्रोशित था, जो अंततः इस वीभत्स ऑनर किलिंग की वजह बना।
चौकीदार की सूचना पर खुली पोल
हत्या की इस घटना की भनक रात करीब आठ बजे गांव के चौकीदार पिंटू यादव को लगी। उसने तत्काल पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस के साथ-साथ आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने कमरे से दोनों बहनों के खून से लथपथ शव बरामद किए। फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
कानूनी कार्रवाई और पुलिस का रुख
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने इस मामले को ‘ऑनर किलिंग’ करार देते हुए कहा कि पुलिस ने चौकीदार की तहरीर पर पिता और उसके दो नाबालिग बेटों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों नाबालिग भाइयों को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी पिता की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के बाद से घर के अन्य सदस्य और पड़ोसी भी फरार हैं। पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।




















































