लखनऊ। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी का चुनावी घोषणा-पत्र पेश किया। ‘जन-मन घोषणा-पत्र’ और ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र’ नाम से जारी इन दस्तावेजों में युवाओं के रोजगार, पुरानी पेंशन की बहाली, किसानों की कर्जमाफी, सामाजिक न्याय और सस्ती भोजन व्यवस्था जैसे कई बड़े ऐलान किए गए हैं। अखिलेश यादव ने दावा किया कि यह दस्तावेज महज चुनावी वादों का पुलिंदा नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने और सामाजिक बदलाव लाने का एक ठोस रोडमैप है।
युवाओं, भर्ती प्रक्रिया और शिक्षा व्यवस्था पर फोकस
घोषणा-पत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जब तक पात्र बेरोजगार स्नातकों को नौकरी नहीं मिल जाती, तब तक उन्हें हर महीने पांच हजार रुपये का पोषण भत्ता दिया जाएगा। भर्ती परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के सख्त प्रावधान किए जाएंगे और किसी भी गड़बड़ी पर संबंधित मंत्रियों व अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
सपा प्रमुख ने बताया कि चयन परीक्षाएं तीन से छह महीने के भीतर पूरी कराने और नियुक्तियों में होने वाली अनावश्यक देरी को खत्म करने पर जोर रहेगा। शिक्षा क्षेत्र के लिए पार्टी ने प्रदेश में बंद पड़े 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा शुरू करने, 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को लैपटॉप देने और नई शिक्षा नीति लागू करने की योजना रखी है। गरीब तथा पीडीए वर्ग के छात्रों को उच्च शिक्षा के समान अवसर व कौशल विकास से जोड़ने के साथ ही आवासीय छात्रावासों का निर्माण और शहरी रोजगार गारंटी कानून लाने का भी प्रस्ताव शामिल किया गया है।
किसानों के लिए कर्जमाफी, एमएसपी गारंटी और ग्रामीण विकास
कृषि क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए अखिलेश यादव ने किसानों की कर्जमाफी का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 23 फसलों के साथ-साथ दूध के लिए भी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी दी जाएगी। फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को उचित मूल्य क्षतिपूर्ति देने की व्यवस्था होगी। गन्ना उत्पादकों के बकाया भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड गठित किया जाएगा, ताकि 24 घंटे के भीतर गन्ने का भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।
ग्रामीण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए घोषणा-पत्र में डेढ़ लाख करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा गया है। इसके तहत गांवों में बुनियादी ढांचे का विस्तार, न्यू विलेज क्लस्टर का विकास और तहसील स्तर तक फोरलेन सड़क संपर्क बनाने की बात कही गई है।
पीडीए आरक्षण, दलित परिषद और सामाजिक सुरक्षा के ऐलान
सामाजिक न्याय और पीडीए की राजनीति को आगे बढ़ाते हुए समाजवादी पार्टी ने 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों और पीडीए वर्ग को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया है। इसके साथ ही जातिगत जनगणना कराने और उसके निष्कर्षों के आधार पर सामाजिक सुरक्षा व विकास योजनाएं बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। दलित समुदाय के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद के गठन की बात भी कही गई है, जो संबंधित योजनाओं की निगरानी करेगी। गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए बुजुर्ग महिलाओं व बुजुर्ग कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये की सहायता, वृद्धाश्रम व क्लब की स्थापना और महिलाओं व अल्पसंख्यकों के खिलाफ गंभीर अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की घोषणा की गई है। वहीं, जरूरतमंदों और वंचित वर्ग को सस्ता भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में समाजवादी कैंटीन शुरू होंगी, जहां पांच रुपये में खाना मिलेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं, पुरानी पेंशन और कानून-व्यवस्था पर रुख
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रस्ताव रखा गया है कि गरीब और पीडीए परिवारों को मुफ्त इलाज, दवा, भोजन और रहने की सुविधा दी जाएगी, साथ ही कैंसर संस्थान को पूरी क्षमता से चलाकर शोध कार्य व गरीबों का मुफ्त उपचार शुरू किया जाएगा। सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने का वादा भी घोषणा-पत्र में शामिल है।
कानून-व्यवस्था और जमीनों पर अवैध कब्जों के मुद्दे पर सत्तापक्ष को घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार में गुंडागर्दी, माफियागिरी, अवैध वसूली, धमकी, जमीन कब्जा और महिलाओं के विरुद्ध अपराध किसी सूरत में सहन नहीं किए जाएंगे। अपराधी किसी भी जाति, धर्म या दल का हो, उसे जेल भेजा जाएगा। भूमाफिया और जमीन कब्जे की शिकायतों के समाधान के लिए अलग विशेष कार्यबल (एसटीएफ) बनाने का ऐलान किया गया है, जो गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों की जमीन बचाने पर ध्यान देगा और जिसकी गाड़ियों का रंग अलग होगा।
शहरी विकास की चर्चा करते हुए अखिलेश ने लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट सहित अस्पतालों, स्टेडियम और आईटी सिटी जैसी परियोजनाओं को सपा सरकार की देन बताया। उन्होंने कहा कि यदि रिवरफ्रंट का कार्य एक किलोमीटर और पूरा हो जाता तो गोमती शहर के भीतर साफ बहने वाली पहली नदी बनती। सत्ताधारी दल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि लोग अच्छे दिन की प्रतीक्षा करते-करते थक चुके हैं और अब बुरे दिन जाने वाले हैं, क्योंकि सत्ता में बैठे लोगों को भी बदलाव का आभास होने लगा है।















































